अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए आयुष मंत्रालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दिशा में मंगलवार को आयुष मंत्रालय में उच्चस्तरीय कोर कमेटी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा के साथ गृह, विदेश, संस्कृति, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रक्षा, रेलवे, पंचायती राज, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास, महिला एवं बाल विकास तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्वास्थ्य अनुसंधान, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता, उच्च शिक्षा, युवा कार्यक्रम, खेल और डाक विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की भागीदारी के साथ यह बैठक संस्थागत समन्वय, तैयारी की समीक्षा और सामूहिक कार्ययोजना के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। बैठक में इस दिवस को लेकर तैयारियों की समीक्षा के साथ साथ रोड मैप भी तैयार किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों, विशेष रूप से 2025 में प्राप्त अभूतपूर्व सफलता के आधार पर, योग दिवस के लिए ‘संपूर्ण सरकार ’ दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है। इसके तहत काउंटडाउन अभियान, डिजिटल सहभागिता और समावेशिता, स्थिरता तथा युवा भागीदारी पर आधारित विषयगत कार्यक्रमों पर काम किया जा रहा है।
चर्चा के दौरान मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय, व्यापक जनसंपर्क, अधिक जनभागीदारी और योग को जनजीवन का हिस्सा बनाने के लिए नवाचारपूर्ण पहल पर जोर दिया गया। मंत्रालयों को अपने कार्यक्रमों को समग्र स्वास्थ्य, निवारक चिकित्सा और समग्र कल्याण के लक्ष्य के अनुरूप बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
