murder-case-in-begumpur

नई दिल्ली, 28 अप्रैल । दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र स्थित बेगमपुर में मजदूर की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने मामूली विवाद के बाद सोते समय साथी मजदूर के गले पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 27-28 अप्रैल की दरम्यानी रात मालवीय नगर पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि बेगमपुर स्थित बड़ी मस्जिद के सामने गत्ता गोदाम के पास झुग्गी नंबर टी-5बी में हत्या की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शिकायतकर्ता रंजीत यादव ने बताया कि रात को काम और खाना खाने के बाद मजदूरों के बीच शत्रुघ्न और राकेश उर्फ कैली के बीच झगड़ा हुआ था, जिसे अन्य मजदूरों ने शांत करा दिया था।

इसके बाद सभी सो गए। रात करीब एक बजे शोर सुनकर मजदूरों की नींद खुली तो देखा कि राकेश उर्फ कैली ने शत्रुघ्न के गले पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल शत्रुघ्न को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपित ने शराब पी रखी थी और उसने मृतक का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद शांत होने के बाद भी आरोपित के मन में रंजिश बनी रही और उसने रात में सो रहे शत्रुघ्न पर हमला कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित राकेश कुमार उर्फ कैली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है और पिछले छह-सात वर्षों से दिल्ली में भाई के साथ रहकर कबाड़ी का काम करता है। वह बेगमपुर स्थित गत्ता गोदाम के पास झुग्गी में रहता था।

दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights