यूनीफाइड डाटा टेक ने निवेशकों को किया निराश, मजबूत लिस्टिंग के बाद बिकवाली के दबाव में लुढ़के शेयर

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर को आईटी सर्विस देने वाली कंपनी यूनीफाइड डाटा टेक सॉल्यूशंस के शेयरों की आज प्रीमियम लिस्टिंग हुई। हालांकि लिस्टिंग के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण आईपीओ निवेशकों की खुशी फीकी पड़ गई। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 273 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे।

आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी एंट्री 4.40 प्रतिशत लिस्टिंग गेन के साथ 285 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने से इस शेयर में गिरावट आ गई। सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद ये शेयर इश्यू प्राइस से 45 पैसे की कमजोरी यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 272.55 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

यूनीफाइड डाटा टेक सॉल्यूशंस का 144.47 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 से 26 मई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जोरदार रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 91.12 गुना सब्सक्राइब हो गया था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 83.22 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 212.43 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 43.62 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर जारी नहीं किया गया है। इस आईपीओ के जरिये 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 52.92 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बेचे गए हैं।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 9.71 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 10.40 करोड़ रुपये और 2023-24 में 25.13 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 67 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउमंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 266.80 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की बात करें तो पहले 11 महीने के दौरान कंपनी को 31.68 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था। इसी तरह इस अवधि में कंपनी 203.66 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी थी।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights