डिजिटल अरेस्ट के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर मुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा प्रहार, 20.94 लाख की ठगी का पर्दाफाश, अमरोहा से तीन गिरफ्तार।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों की जिंदगी में खौफ भरकर लाखों रुपये लूटने वाले अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगों के नेटवर्क पर मुजफ्फरनगर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। कंबोडिया से संचालित साइबर अपराधियों तक फर्जी सिमकार्ड और ओटीपी पहुंचाने वाले बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में 3648 यूनिक सिमकार्ड के जरिए चल रहे इस काले कारोबार की परतें खुली हैं। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार अतिरिक्त सिमकार्ड बरामद हुए हैं। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय और एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने संयुक्त रूप से किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह गरीब लोगों को सरकारी योजनाओं, राशन, बीमा और एनजीओ से आर्थिक सहायता दिलाने का लालच देकर उनकी आईडी पर सिमकार्ड जारी कराता था। बाद में इन सिमकार्ड को सक्रिय कराकर साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश उस शिकायत की जांच से हुआ, जिसमें साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को नौ दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 20 लाख 94 हजार 900 रुपये ठग लिए थे। आरोपियों ने पीड़ित को आतंकवादियों से संबंध और उसके बैंक खाते में 70 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन का भय दिखाया। खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर फर्जी वारंट और सरकारी नोटिस भेजे तथा गिरफ्तारी और आजीवन कारावास की धमकी देकर रकम ऐंठ ली। तकनीकी जांच में सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल सिमकार्ड अमरोहा से जारी हुए थे, जबकि व्हाट्सएप का संचालन कंबोडिया से हो रहा था। करीब 49 आईएमईआई नंबरों के विश्लेषण में 8223 सिमकार्ड का डाटा मिला। इनमें वीआई के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63, यानी कुल 3648 यूनिक सिमकार्ड की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अंकुश सैनी सिमकार्ड को 150 रुपये तक में खरीदकर अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साइबर अपराधियों को ओटीपी बेचता था। डिजिटल अरेस्ट में इस्तेमाल होने वाले व्हाट्सएप ओटीपी की कीमत करीब 300 रुपये वसूली जाती थी। उसके मोबाइल में न्यू स्टॉक नाम के ग्रुप में लगभग 2700 नंबर मिले। जांच में ओटीपी का बाकायदा रेट कार्ड मिला। फ्लिपकार्ट का ओटीपी 8 रुपये, मिंत्रा का 10 रुपये, गैस डिलीवरी एक्सेस कोड 40 रुपये और गेमिंग ओटीपी 10 से 20 रुपये तक में बेचा जाता था। व्हाट्सएप की 10 दिन की सेवा 150 रुपये, 20 दिन की 220 रुपये और अनलिमिटेड सेवा 300 रुपये में उपलब्ध कराई जाती थी। इस नेटवर्क के जरिए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग, हनी ट्रैप और निवेश के नाम पर ठगी के अलावा अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, ब्लिंकिट, जोमैटो और स्विगी जैसी कंपनियों के ऑर्डर कैंसिल कर रिफंड के नाम पर धोखाधड़ी का तरीका भी सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर अमरोहा और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान अमरोहा शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व वाली साइबर क्राइम टीम ने यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेश में बैठे साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
