विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जनपद में विशेष अभियान, एसडीएम शुभम श्रीवास्तव ने अमीननगर समेत कई बूथों का किया निरीक्षण।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। लोकतंत्र के सबसे बड़े अधिकार मतदान से कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रह जाए, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। प्रशासन का पूरा जोर नए मतदाताओं को सूची से जोड़ने के साथ-साथ पहले से दर्ज नामों और विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित करने पर रहा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव ने तहसील सदर के ग्राम अमीननगर तथा विधानसभा क्षेत्र 12 चरथावल सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बीएलओ की उपस्थिति तथा कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय तक अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवाओं और महिलाओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान करने की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त है। इसलिए नागरिक केवल चुनाव के समय जागरूक होने के बजाय अभी से अपने नाम और परिवार के सदस्यों के विवरण की जांच कर लें। प्रशासन के अनुसार 21-22 नवंबर तथा 28-29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस के तहत बूथों पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं, जबकि नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल कर सकते हैं। एसडीएम शुभम श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची अवश्य जांचें और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता और शुद्ध मतदाता सूची से ही तैयार होती है।
