परिवार ने दुख के बीच लिया मानवता का संकल्प, दो लोगों को मिलेगी नई रोशनी।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। किसी अपने के बिछड़ने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, लेकिन इसी पीड़ा के बीच यदि कोई परिवार ऐसा निर्णय ले, जिससे किसी दूसरे के जीवन में उजाला लौट आए, तो वह संवेदना मानवता की सबसे खूबसूरत मिसाल बन जाती है। गांधी कॉलोनी निवासी प्रेमलता वर्मा के निधन के बाद उनके परिवार ने नेत्रदान का निर्णय लेकर ऐसा ही प्रेरणादायी संदेश दिया है। देर रात प्रेमलता वर्मा ने अंतिम सांस ली। परिवार शोक में डूबा था, लेकिन उनकी बहू प्रिया और बेटे शैलेंद्र सिंह ने दुख की इस घड़ी में भी मानव सेवा के संकल्प को प्राथमिकता दी। समर्पित महिला शक्ति संगठन से जुड़ी प्रिया ने अपने पति के साथ नेत्रदान की पहल करते हुए समर्पित युवा समिति के सदस्य अमित पटपटिया के माध्यम से मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज की नेत्र विभाग की टीम से संपर्क किया। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के कुशल नेत्र चिकित्सकों की टीम ने समय रहते पहुंचकर दिवंगत प्रेमलता वर्मा के नेत्रों का संग्रहण किया। परिवार के इस निर्णय से अब दो जरूरतमंद लोगों को दृष्टि मिलने की उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से दुनिया को देखने के लिए किसी की मदद का इंतजार कर रहे होंगे। इस अवसर पर मनी पटपटिया ने बताया कि प्रेमलता वर्मा के दोनों नेत्र स्वस्थ हैं और शीघ्र ही दो पात्र व्यक्तियों को प्रत्यारोपित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक परिवार के इस निर्णय से दो जिंदगियों में रोशनी लौट सकती है, इससे बड़ा पुण्य और मानव सेवा का उदाहरण क्या हो सकता है। अमित पटपटिया ने लोगों से अपील की कि नेत्रदान के प्रति भ्रांतियों को दूर कर इस पुनीत कार्य के लिए आगे आएं। मृत्यु के बाद भी किसी की आंखों के माध्यम से दुनिया जीवंत रह सकती है। परिवार के सदस्य संयम सिंह, स्तुति सिंह सहित अन्य परिजन भी इस भावुक क्षण के साक्षी बने। प्रेमलता वर्मा अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके नेत्र किसी और की जिंदगी में उजाला बनकर उनकी स्मृतियों को हमेशा जीवित रखेंगे। उनका परिवार शोक के बीच मानवता की ऐसी लौ जला गया, जो समाज को लंबे समय तक प्रेरणा देती रहेगी।
