viksit-bharat-sankalp-sammela

नई दिल्ली, 28 जून । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को राजधानी के विभिन्न स्थानों पर आयोजित तीन ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में शामिल हुईं। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के 12 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास और जनहितैषी योजनाओं में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बिना किसी अवकाश के निरंतर राष्ट्र सेवा करते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर एक नई और सुदृढ़ पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग विधानसभा स्थित पीतमपुरा, शकूरबस्ती विधानसभा के वेस्ट एन्क्लेव और मुस्तफाबाद विधानसभा के महालक्ष्मी विहार में भी ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में भागीदारी की। पीतमपुरा में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में उपस्थित नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का भी श्रवण किया।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलनों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश डिजिटल इंडिया, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, रक्षा उत्पादन, पारदर्शी शासन और डीबीटी जैसे अनेक क्षेत्रों में भी अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ आज देश के विकास का मूल आधार बन चुका है और दिल्ली सरकार भी इसी सेवा भाव के साथ लगातार आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री के जल संरक्षण (कैच द रेन अभियान), ‘वोकल फॉर लोकल’ और प्रकृति संरक्षण जैसे विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राजधानी के विकास का खाका खींचते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में सरकार बनने के बाद सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्यों को तेज गति दी गई है। सड़कों, सीवर, पेयजल, स्कूल और अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से वर्षों से रुकी परियोजनाओं को रफ्तार के साथ पूरा किया जा रहा है।

यमुना के पुनर्जीवन एवं स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसके वैज्ञानिक और दीर्घकालिक समाधान पर काम कर रही है। यमुना में गिरने वाले सभी प्रमुख नालों को चरणबद्ध तरीके से टैप किया जा रहा है और नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। नगर निगम को दिल्ली की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है और सड़कों पर आधुनिक सफाई मशीनों की संख्या भी लगातार बढ़ाई जा रही है। हमारी सरकार का एकमात्र लक्ष्य नागरिक का धर्म, जाति या पंथ देखे बिना प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाना और उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप दिल्ली सरकार विकसित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर काम करती रहेगी। केंद्र और दिल्ली सरकार के समन्वित प्रयासों तथा जनता की सक्रिय भागीदारी से देश की राजधानी विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी विचारों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण के इस महाअभियान में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी में विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में 4 जुलाई को 300 नई आधुनिक और वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए आगामी 7 जुलाई से पूरी दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का विशाल महाअभियान भी प्रारंभ किया जा रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights