up-woman-dies-consuming-toxic

मीरजापुर, 04 जून । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिगना थाना क्षेत्र के मनिकठी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से एक विवाहिता की उपचार के दौरान बुधवार देर रात मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी

26 वर्षीय संतरा देवी पत्नी सुशील कुमार बिंद ने बुधवार दोपहर किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोंई ले गए। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।

मंडलीय अस्पताल में भी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर बीएचयू भेज दिया। जहां उपचार के दौरान देर रात विवाहिता ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया।

मृतका अपने पीछे चार वर्षीय बेटी श्रद्धा, दो वर्षीय पुत्र सतीश और एक वर्षीय पुत्र संदीप को छोड़ गई है। मां की मौत से तीनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

विवाहिता ने किन परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन किया, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

मृतका का मायका विंध्याचल थाना क्षेत्र के कामापुर कला गांव के महुआडांड़ मजरे में है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी ससुराल पहुंच गए।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मायके पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights