shree-anna-store-inauguration

लखनऊ, 02 जून । उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के सहयोग से इरादा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने इंदिरा नगर लखनऊ में मिलेट्स (श्री अन्न) स्टोर का मंगलवार को शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र एवं समाज के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर हॉफेड के चेयरमैन नवलेश सिंह, उप कृषि निदेशक लखनऊ विनय कौशल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत के गौ संवर्धन प्रमुख उमाकांत गुप्ता, इरादा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक दयाशंकर सिंह, डॉ. अपूर्व सिंह, उत्कर्ष सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने कहा कि मिलेट्स (श्री अन्न) समय की आवश्यकता है। इसके नियमित सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है तथा यह बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक आहार में मिलेट्स आधारित उत्पादों को शामिल करने का आह्वान किया।

उप कृषि निदेशक लखनऊ विनय कौशल ने कहा कि आज के समय में मिलेट्स उत्पादों की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। ऐसे पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना आवश्यक है, जिससे आमजन स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

इस अवसर पर इरादा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक दयाशंकर सिंह ने बताया कि कृषि विभाग के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिलेट्स उत्पादों के काउंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण श्री अन्न आधारित उत्पाद सहजता से उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उपभोक्ताओं तक पौष्टिक खाद्य सामग्री पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने मिलेट्स के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया तथा किसानों एवं उपभोक्ताओं के हित में इस पहल की सराहना की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights