thousands-of-devotees-take-a-h

जौनपुर, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को गोमती और सई नदी के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। सुबह भोर से ही स्नानार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और घाटों के आसपास स्थित मंदिरों में दर्शन-पूजन कर ब्राह्मणों एवं जरूरतमंदों को दान किया।

सई और गोमती नदी के संगम स्थल राजेपुर त्रिमुहानी पर सबसे अधिक भीड़ रही। सूरज घाट और सिरकोनी ब्लॉक स्थित इस संगम पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने रामेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। यहां लगे मेले में पुरुषों ने प्रसिद्ध रेवड़ा खरीदा, महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री और बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी की। झूले और चरखों का भी बच्चों ने आनंद लिया। सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

नगर क्षेत्र में शाही पुल के समीप गोपी घाट, विसर्जन घाट, हनुमान घाट, केरारबीर, छोटी काशी और अचला देवी घाट पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। जलालपुर के उदपुर घाट पर भी सई-गोमती संगम में लोगों ने स्नान किया और मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ अन्नदान किया।

खुटहन के पिलकिछा तिलवारी घाट पर श्रद्धालुओं ने गोमती नदी में स्नान कर भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और बजरंगबली के मंदिर में दर्शन किए। यहां प्रसिद्ध ऐतिहासिक साप्ताहिक मेले का भी शुभारंभ हुआ। यह मेला कृषि उपकरणों और मिट्टी के बर्तनों के लिए प्रसिद्ध है। वहीं केराकत के विजयीपुर घाट पर भी श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान कर मेले में खरीदारी की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार राजेपुर त्रिमुहानी संगम का विशेष महत्व है। गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरितमानस में वर्णित चौपाई ‘सई उतरि गोमती नहाए, चौथे दिवस अवधपुर आए’ इस स्थल की धार्मिक महत्ता को दर्शाती है। मान्यता है कि भरतजी ने अयोध्या लौटते समय इसी स्थान पर स्नान किया था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights