up-prayagraj-vihip-rajendra-

प्रयागराज, 26 सितंबर । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) काशी प्रांत की ओर से युगपुरुष और राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख नायक अशोक सिंघल की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। काशी विश्वनाथ मंदिर में अभिषेक के साथ प्रयागराज के यमुना बैंक रोड स्थित प्रेरणास्थल पर उनकी प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर अशोक सिंघल के विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता एवं विहिप काशी प्रांत के संगठन मंत्री राजेंद्र ने कहा कि अशोक सिंघल के जीवन और योगदान को समाज में सदैव स्मरणीय बनाए रखने के लिए उनके जयंती वर्ष में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिंघल ने सामाजिक और राष्ट्र जागरण, सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, गौरक्षा तथा वेदों के अध्ययन और संरक्षण के लिए जीवनभर कार्य किया। उनके सामाजिक और धार्मिक विचारों को ध्यान में रखते हुए हिंदू समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के विचारों को समाज तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है। जयंती वर्ष में संगठन के विस्तार के साथ हिंदू समाज के विभिन्न संप्रदायों के बीच एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंघल के अधूरे संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए समाज में सेवा, सुरक्षा और संस्कार की भावना का जागरण किया जाएगा।

विहिप काशी प्रांत के अध्यक्ष कवींद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अशोक सिंघल का व्यक्तित्व हिंदू समाज, धर्म और संस्कृति के जागरण के लिए समर्पित रहा। उनके अटूट विश्वास, साहस और आजीवन समर्पण ने उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनाया। उन्होंने अपना पूरा जीवन हिंदू समाज की एकता और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित कर दिया। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने बताया कि अशोक सिंघल के विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संगठन ने उनकी जयंती को वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया है। काशी प्रांत में शनिवार को इसी अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी, प्रांत उपाध्यक्ष कमला मिश्रा, विभाग संगठन मंत्री आलोक प्रताप, विभाग मंत्री बृजभूषण सिंह, महानगर उत्तर अध्यक्ष अजय गुप्ता, महानगर दक्षिण अध्यक्ष संजय गुप्ता, योगेश तिवारी, मनीष श्रीवास्तव, देशराज, विद्युत श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights