शिक्षा विभाग में कार्यरत प्रमोद शर्मा के सुपुत्र का उपनिरीक्षक पद पर चयन, समाज के प्रबुद्धजनों ने सम्मान कर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का लिया संकल्प।
सहारनपुर (नीरज प्रजापति)। मेहनत, लगन और प्रतिभा जब सफलता की नई इबारत लिखती है तो परिवार ही नहीं, पूरे समाज का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक (दरोगा) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर वैभव शर्मा ने अपने परिवार और समाज का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर है। ब्राह्मण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ब्राह्मण महासभा उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) एवं पूज्य महादेव आश्रम के पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने वैभव शर्मा के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। हिम्मतनगर स्थित पंडित प्रमोद शर्मा के आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में समाज के गणमान्य लोगों ने वैभव शर्मा की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के कठिन दौर में अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। वैभव की कामयाबी से अन्य युवाओं को भी लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मलखान सिंह शर्मा ने वैभव शर्मा को भगवान परशुराम का चित्र एवं मेडल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित अशोक शर्मा ने उनके पिता प्रमोद शर्मा को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान दिया। पार्षद राजकुमार शर्मा और उत्तराखंड रोडवेज के नरेश शर्मा ने वैभव को पटका पहनाकर सम्मानित किया। प्रमुख समाजसेवी पंडित हरिओम शर्मा एवं एडवोकेट नीरज शर्मा ने वैभव को ब्राह्मण प्रतिभा सम्मान पत्र प्रदान किया। डॉ. प्रदीप शर्मा और डॉ. सुधीर कपिल ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनकी उपलब्धि का अभिनंदन किया। इस अवसर पर पंडित सुशील शर्मा और पंडित प्रमोद शर्मा ने उपस्थित लोगों की ओर से वैभव को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी प्रतिभाएं और शिक्षित युवा हैं। ऐसे युवाओं का सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का अभिनंदन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देना भी है। ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने संकल्प व्यक्त किया कि समाज की होनहार प्रतिभाओं को आगे भी इसी प्रकार सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाता रहेगा, ताकि युवा अपनी योग्यता के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।
