जाम और हादसों पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने संभाली जागरूकता की कमान, चार प्रमुख चौराहों पर वाहन चालकों को दिलाई नियमों के पालन की शपथ।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। सड़क पर सुरक्षित सफर केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर वाहन चालक की सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। जल्दबाजी में नियम तोड़ना, मनमाने स्थानों पर सवारियां उतारना-बैठाना, तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल दुर्घटनाओं को न्योता देता है, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डालता है। इसी गंभीर चुनौती को देखते हुए यातायात माह नवंबर के तहत मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का महत्व समझाते हुए सुरक्षित सफर का संकल्प दिलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने शहर के महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक और अहिल्याबाई चौक पर जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को केवल नियमों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।
गोष्ठी में यातायात उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र और मुख्य आरक्षी मण्टी कुमार ने ई-रिक्शा, टेंपो, बस सहित निजी और व्यावसायिक वाहन चालकों से सीधा संवाद किया। उन्हें समझाया गया कि सड़क पर वाहन चलाते समय छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। व्यावसायिक वाहन चालक दिनभर सड़कों पर रहते हैं, इसलिए उनके लिए यातायात नियमों का पालन करना और भी जरूरी है। अभियान में शहर की एक बड़ी समस्या पर विशेष जोर दिया गया। वाहन चालकों को बताया गया कि निर्धारित स्थानों के बजाय कहीं भी वाहन रोककर सवारियां बैठाने और उतारने से यातायात व्यवस्था बाधित होती है। इससे प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जाम लगता है। वाहनों की लंबी कतारों के कारण आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है और वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही सवारियां बैठाने और उतारने की अपील की गई। यातायात पुलिस ने बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट बांधने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की शपथ दिलाई। साथ ही यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा के जरूरी नियमों की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए।
