दृष्टि बैठक में खतौली विधानसभा के विकास कार्यों की खुली पड़ताल, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य से लेकर पेंशन और किसानों की समस्याओं तक हर विभाग की जवाबदेही तय करने पर जोर।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। विकास योजनाओं के नाम पर कितनी प्रगति हुई, कितने काम अधूरे पड़े हैं और जनता को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ कितना मिल रहा है? इन सवालों को लेकर खतौली विधायक मदन भैया ने शनिवार को विकास भवन में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दृष्टि/DRISHTI) की बैठक में अधिकारियों से विभागवार जवाब तलब किया। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत पर भी सवाल उठाए गए। विधायक ने साफ किया कि केवल कागजों में उपलब्धियां दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता को धरातल पर विकास का लाभ मिलना चाहिए।
शनिवार को आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक मदन भैया ने स्वास्थ्य, लोक निर्माण, बिजली, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, सिंचाई, कृषि, पशुपालन, जल निगम, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला कल्याण और श्रम विभाग समेत कुल 34 विभागों के कार्यों की समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग से खतौली विधानसभा में स्वीकृत और अधूरी सड़कों का हिसाब मांगा गया। सड़कों पर गड्ढे, निर्माण में देरी और ठेकेदारों की लापरवाही के साथ विकास कार्यों के शिलालेख नहीं लगाए जाने पर भी जवाब मांगा गया। विद्युत विभाग से अघोषित कटौती, खराब ट्रांसफार्मरों और किसानों के गलत बिजली बिलों की शिकायतों का ब्यौरा तलब किया गया। जल निगम के अधिकारियों से हर घर जल योजना की वास्तविक स्थिति, गांवों में पानी की आपूर्ति, टूटी पाइपलाइन और जल जीवन मिशन के तहत खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर सवाल किए गए। पॉइंट ठेकेदारों के भुगतान लंबित होने की शिकायतों पर भी जवाब मांगा गया। सिंचाई विभाग से टेल तक पानी नहीं पहुंचने, रजवाहों की सफाई और अवैध कटान पर कार्रवाई का हिसाब मांगा गया। कृषि विभाग से फसल बीमा, बीज वितरण और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली गई। पशुपालन विभाग से गोशालाओं की व्यवस्था और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर सवाल उठाए गए।
बैठक में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लंबित आवेदनों, छात्रवृत्ति, सामूहिक विवाह, कन्या सुमंगला, श्रमिक कल्याण और युवाओं को रोजगार दिलाने वाली योजनाओं की प्रगति की जानकारी मांगी गई। स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं, डिजिटल लाइब्रेरी, ग्रामीण मिनी स्टेडियम और ओपन जिम की स्थिति भी समीक्षा के दायरे में रही। विधायक मदन भैया ने विभागों से स्वीकृत, पूर्ण और लंबित कार्यों का स्पष्ट विवरण मांगा। बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता की समस्याओं को टालने के बजाय उनका समयबद्ध समाधान किया जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल रिपोर्ट प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि धरातल पर काम पूरा कराना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights