शाहजहांपुर, 25 मई । उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के थाना रोजा क्षेत्र में चोरी के मामले में वांछित आरोपितों और पुलिस के बीच बीती देर रात मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक आरोपित तथा एक आरक्षी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार और सोमवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि देशी शराब की दुकान में चोरी करने वाले आरोपित रोजा रेलवे मैदान के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर आरोपितों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपितों की गोलीबारी में आरक्षी प्रवेंद्र के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जनपद बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र निवासी सियानन्द के पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल सियानन्द और उसके साथी जनपद बदायूं के थाना दातागंज क्षेत्र निवासी अवनीश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी किए गए शराब के 90 पव्वे तथा एक सरिया बरामद किया गया है।
एसपी सिटी ने बताया कि सियानन्द के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में पंद्रह तथा अवनीश के खिलाफ सात अभियोग दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों ने बीते पांच अप्रैल को जमुका गांव स्थित देशी शराब की दुकान के ताले तोड़कर शराब के पव्वे चोरी किए थे और फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
घायल आरक्षी और आरोपित का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
