northern-railway-color-coded-entry-new-delhi

नई दिल्ली, 06 नवंबर । उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर त्योहारी भीड़ और यात्रियों के सुगम आवागमन को नियंत्रित करने के लिए रंग-कोडित प्रवेश और निकास व्यवस्था लागू किया। अब स्टेशन पर आने और बाहर जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग गेट तय कर दिए गए हैं। जनरल टिकट और रिजर्वेशन वाले यात्रियों को भी अलग-अलग गेट से स्टेशन में एंट्री मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्मों पर होने वाली अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि स्टेशन पर यात्रियों के आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। जिस द्वार से यात्री स्टेशन के भीतर प्रवेश करेंगे, वहां से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह, निकास द्वारों का उपयोग केवल स्टेशन से बाहर जाने के लिए किया जा सकेगा।

सामान्य श्रेणियों (अनारक्षित) ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों और आरक्षित (स्लीपर/एसी) श्रेणियों की ट्रेनों में यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में प्रवेश और निकास के रास्ते पूरी तरह अलग कर दिए गए हैं। इससे मुख्य द्वारों पर लगने वाली लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और यात्रियों का समय बचेगा।

उत्तर रेलवे ने रंगो के माध्यम से यात्रियों को समझाने का प्रयास किया है ताकि किसी को दिक्कत का सामना न करना पड़े। नीले रंग के माध्यम से बताया गया है कि आरक्षित श्रेणियों से यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 15 के लिए गेट नंबर 8 और 11 का उपयोग करना होगा।

वही, पीला रंग में सभी अनारक्षित/सामान्य श्रेणी के यात्री होंगे जो प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 16 के लिए गेट नंबर 12 का इस्तेमाल करेंगे।

टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए रेलवे द्वारा विशेष मोबाइल टिकटिंग व्यवस्था शुरू की गई है। इसके अंतर्गत रेलवे कर्मचारी खुद ‘हैंड हेल्ड डिवाइस’ लेकर यात्रियों के पास जा रहे हैं और मौके पर ही अनारक्षित टिकट जारी कर रहे हैं।

रेलवे ने जानकारी दी कि स्टेशन के भीतर केवल यात्रा करने वाले यात्रियों के प्रवेश को ही प्राथमिकता दी जा रही है। प्लेटफॉर्मों पर अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे स्टेशन परिसर, फुट ओवर ब्रिज और प्रवेश और निकास पर बड़े और स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य द्वार तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। रेलवे ने बताया कि व्हीलचेयर या विशेष सहायता की आवश्यकता वाले यात्रियों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निकटतम द्वारों पर सुगम रैंप और विशेष सुलभ मार्ग की व्यवस्था यथावत रहेगी।

उत्तर रेलवे ने उम्मीद जताई है कि नई व्यवस्था से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को संभालना आसान होगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights