नीरज प्रजापति

वाल्मीकि क्रांति दल की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, धर्मशाला के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 28.65 लाख रुपये, तीन मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए भी 30 लाख की घोषणा।

मुजफ्फरनगर। शहर में भगवान वाल्मीकि के नाम से चौक स्थापित करने की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ गया है। लंबे समय से चल रहे सामाजिक संघर्ष, लगातार उठाई जा रही आवाज और संगठन के प्रयासों के बाद नगर पालिका परिषद के सदन ने भगवान वाल्मीकि चौक की स्थापना के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। इस फैसले को वाल्मीकि समाज के लिए बड़ी उपलब्धि और शहर के सामाजिक-सांस्कृतिक सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके साथ ही वार्ड नंबर-9 स्थित वाल्मीकि धर्मशाला के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 28 लाख 65 हजार 790 रुपये का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है। वाल्मीकि क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक गंभीर ने इस उपलब्धि को संगठन और समाज के लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में भी अन्य जनपदों की तर्ज पर रामायण के रचयिता भगवान वाल्मीकि के नाम से एक भव्य चौक स्थापित किए जाने का सपना देखा गया था। इस मांग को लेकर संगठन वर्ष 2023 से लगातार प्रयास कर रहा था। इससे पहले 23 नवंबर 2021 को टाउन हॉल रोड के तिराहे पर संगठन की ओर से भगवान वाल्मीकि चौक स्थापित किया गया था, लेकिन 26 नवंबर को पुलिस-प्रशासन ने उसे हटवा दिया था। उस घटना के बाद से ही चौक की स्थापना का मुद्दा समाज के बीच लगातार उठता रहा। अब नगर पालिका सदन से प्रस्ताव को सर्वसम्मति मिलने के बाद इस मांग को संस्थागत मंजूरी मिल गई है। संगठन ने इसका श्रेय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के सहयोग को दिया है। संगठन का कहना है कि चौक की स्थापना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि महर्षि वाल्मीकि के साहित्यिक, आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान को शहर में सम्मानजनक पहचान देने का प्रयास है। इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण घोषणा सामने आई। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भगवान वाल्मीकि के तीन मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 10-10 लाख रुपये, कुल 30 लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं वार्ड-9 की वाल्मीकि धर्मशाला के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत बजट से धर्मशाला की स्थिति बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। वाल्मीकि क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक गंभीर ने भाजपा सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर परिसर में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा की स्थापना और अयोध्या धाम एयरपोर्ट को महर्षि वाल्मीकि के नाम से पहचान मिलना समाज के सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन, बीमा और ईपीएफ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों से कर्मचारियों को सुरक्षा मिली है। साथ ही समाज के बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसर देने की दिशा में भी काम हुआ है। प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद वाल्मीकि क्रांति दल की ओर से नगर पालिका सदन में खुशी जाहिर की गई। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, सदन के सदस्यों और राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट किए तथा मिठाई बांटकर ढोल-ताशों के साथ स्वागत किया। इस दौरान संगठन के संरक्षक चमन लाल वाल्मीकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक गंभीर, महामंत्री सोनू सरवट वाल्मीकि, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल सुधाकर, उपाध्यक्ष मनोज पारचा, प्रचार मंत्री अशोक कागड़ा, लीगल एडवाइजर तरुण सुधा एडवोकेट, राजू मचल, विशेष आमंत्रित सदस्य जज्जी प्रधान, सूरज प्रकाश, सुधीर पारचा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights