up-chunar-municipal-board-budg

मीरजापुर, 29 अप्रैल । चुनार नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक बुधवार को पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास के लिए 49.76 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। अध्यक्ष मंसूर अहमद ने कहा कि प्रस्तावित बजट से नगर में विकास कार्यों को गति मिलेगी और बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।

बैठक में 27 मदों में व्यय का प्रस्ताव रखा गया। इसमें सफाई अधिष्ठान के लिए 1.10 करोड़, सफाई विविध मद में 44.80 लाख, जलकल अधिष्ठान के लिए 1.50 करोड़, जलकल विविध में 25 लाख, मार्ग प्रकाश के लिए 15 लाख, जयंती व त्योहारों पर 24.40 लाख और विकास कार्यों के लिए 65 लाख रुपये शामिल हैं। इसके सापेक्ष अनुमानित आय 28.91 करोड़ रुपये बताई गई।

बैठक के दौरान सभासदों ने नगर की विभिन्न समस्याएं भी उठाईं। लाल दरवाजा वार्ड के सभासद गौतम जायसवाल समेत अन्य सदस्यों ने पेयजल, मार्ग प्रकाश व नाला सफाई को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिस पर अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभासद संगीता सिंह ने प्रमुख चौराहों के नामकरण का प्रस्ताव रखा, जबकि मनोनीत सभासद रानी सेठ ने सब्जी मंडी से अतिक्रमण हटाने की मांग की। कुछ बिंदुओं पर सभासद अवनीश राय अंशू व विकास कश्यप ने असहमति भी जताई। बैठक का संचालन ओएस शैलेश यादव ने किया। इस दौरान सफाई निरीक्षक लालमणि यादव समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights