up-brh-private-hospital-sealed

बहराइच, 02 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरटीओ रोड स्थित एक निजी अस्पताल पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल संचालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर की गई। जिले में बिना पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के संचालित अस्पतालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरटीओ रोड स्थित रोशन हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल संचालक से संचालन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया।

एसीएमओ डॉ. अनुराग वर्मा ने स्पष्ट किया कि सीएमओ के निर्देशानुसार जिले में अवैध रूप से संचालित सभी अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना मानकों और आवश्यक अनुमति के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी सीएमओ डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में मटेरा क्षेत्र में छापेमारी कर पांच से अधिक निजी अस्पतालों और क्लीनिकों को सील किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की इस लगातार कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों में हड़कंप मचा हुआ है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights