up-bijnor-4-childrens-schorched

बिजनौर , 01 मई | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की शहर कोतवाली क्षेत्र के जोगीवाला इलाके में बाग में पड़ी गर्म राख की चपेट में आने से चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। सभी बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। झुलसने वाले बच्चों की पहचान उजेद 12 वर्ष, पुत्र राशिद, निवासी लड्डूपुरा , साहिल (13 वर्ष, पुत्र वसीम), शाद 9 वर्ष, पुत्र इरशाद, निवासी चाहशीरी बी-24) और रेहान उर्फ ईशान पुत्र इमरान, निवासी चाहशीरी बी-24 के रूप में हुई है।

यह घटना उस समय हुई जब बच्चे आंधी के बाद आम के बाग में खेलने और आम बीनने गए थे। इसी दौरान वहां पड़ी गर्म राख के संपर्क में आने से वे बुरी तरह झुलस गए। आशंका है कि यह राख किसी फैक्ट्री द्वारा वहां डाली गई थी। घटना के बाद बच्चों ने चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों और किसानों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर रामकुमार के अनुसार सभी बच्चे करीब 30 से 50 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि उनका इलाज जारी है। मामले पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जानकारी दी कि सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यह गर्म राख वहां किसने डाली, इसकी जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी |———–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights