उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष एक दिन में 35 करोड़ पौधारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने रविवार को ‘वृहद पौधरोपण अभियान-2026’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने ‘पौधे लगाएं भी, बचाएं भी’ का संदेश देते हुए जनभागीदारी को इसकी सफलता का आधार बताया।

योगी ने निर्देश दिया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में कम से कम पांच सहजन के पौधे लगाए जाएं जबकि विद्यालयों और कॉलेजों में हर छात्र एक पौधा अवश्य रोपे। बयान के मुताबिक, गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों, नदियों और राजमार्गों के आसपास बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा, जहां 4.35 करोड़ पौधे लगाने की तैयारी है। बयान में बताया गया कि अयोध्या में रामायणकालीन प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे तथा शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर वन एवं वाटिकाएं विकसित की जाएंगी।

बैठक में बताया गया कि 2009-2016 के बीच 51.48 करोड़ पौधे लगाए गए थे जबकि 2017-2025 के दौरान रोपे गये पौधों की संख्या बढ़कर 242.13 करोड़ हो गई। इसी अवधि में वन एवं वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की वृद्धि दर्ज की गई है और हरित आवरण 9.96 प्रतिशत तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने 2030 तक 15 प्रतिशत और 2047 तक 20 प्रतिशत हरित आवरण का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पौधों की जीवितता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए तकनीक आधारित निगरानी की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights