uk-political-congress-protest-bjp

देहरादून, 07 सितंबर । हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कथित शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां, बैनर और पार्टी के झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद भाजपा से जुड़े संगठनों की ओर से मंच के शुद्धीकरण का आयोजन किया गया, जो दलित समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।

सैलजा ने कहा कि खरगे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ दलित नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उन्होंने कहा कि उनके प्रति किसी भी प्रकार का अपमान लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। कांग्रेस ऐसी कथित जातिवादी और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया।

कांग्रेस ने ‘नौकरियां बेचना बंद करो, युवाओं को रोजगार दो’ का नारा लगाते हुए सभी भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने और कथित भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई, कृषि लागत और बाजार की समस्याओं के बीच किसानों को राहत देने की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों की शिकायतों का तत्काल समाधान, उचित मुआवजा और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।————–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights