uk-meeting-revenue-collect

हरिद्वार, 25 अप्रैल । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में वन, आबकारी, परिवहन, रोडवेज, राज्य कर, खनन, विद्युत, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, पर्यटन और सिंचाई विभागों की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा वर्ष 2026 के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्षों से समन्वय बनाकर चल रही योजनाओं की जानकारी लें और उन्हें बेहतर तरीके से लागू करें, ताकि राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में अवैध एवं कच्ची शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में न होने दी जाए। इसके लिए पुलिस और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।

खनन विभाग को जनपद में अवैध खनन के खिलाफ लगातार निगरानी रखने और छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा व जितेन्द्र चंद, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights