uk-green-yoga-organized

पौड़ी गढ़वाल, 31 मई । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग दिवस तक चलने वाले कार्यक्रमों के तहत योग शिविर, हरित योग, योग पार्क गतिविधियां, सामूहिक योगाभ्यास, लाइव स्ट्रीमिंग, रन फॉर योग जैसे जन-जागरुकता कार्यक्रम शामिल हैं।

ताड़केश्वर महादेव मंदिर परिसर में हरित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास करते हुए स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों ने नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि जिले में योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिले में 20 मई से 10 जून तक विशेष योग जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमस्ते योग ऐप, योग ब्रेक ऐप के माध्यम से नियमित योगाभ्यास कराते हुए योग के वैज्ञानिक महत्व और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जा रही है। योग अभ्यास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरित योग गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से लोगों को प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights