uk-cm-namo-cricket-league-

पंचकूला, 02 अक्टूबर । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंचकूला के ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का संकल्प दिलाया और खेलों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का माध्यम बताया।

नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर धामी ने उनके साथ संवाद किया और खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री के मैदान पर उतरकर क्रिकेट खेलने पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।

धामी ने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग आनंद है। खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि खेल किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीम भावना, निरंतर प्रयास, अनुशासन और समर्पण की सीख देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी है तो खेल और फिटनेस की लगाएं और यदि कोई जुनून पालना है तो अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का पालें। युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना भी विकसित करते हैं। खेल का मैदान जीत में विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

धामी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसके विपरीत खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा और मजबूत परिवारों से ही मजबूत समाज का निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से युवाओं को खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि अब गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

उन्होंने हरियाणा की खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाया है।

धामी ने कहा कि एक समय खेलों को लेकर समाज में अलग धारणा थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिल रहे हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के साथ खिलाड़ियों और युवाओं ने ‘नशे को ना, खेल को हां’ का सामूहिक संकल्प लिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights