two-nepali-citizens-arrested

लखीमपुर खीरी, 23 मई । भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी, डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा ‘कवच योजना’ चलाई जा रही है। इसी योजना के अंतर्गत थानाध्यक्ष चंदनचौकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को सीमा पार खाद की तस्करी कर रहे दो नेपाली नागरिकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी ख्याति गर्ग ने शनिवार शाम बताया कि चंदनचौकी पुलिस टीम सीमा सुरक्षा को लेकर जब गश्त पर थी, तभी नेपाल राष्ट्र बॉर्डर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित ग्राम बंदर भरारी के पास जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी करके जब दोनों को रोका, तो उनके पास से अवैध रूप से ले जाई जा रही ‘भारत किसान यूरिया खाद’ की 02 सीलबंद बोरियां (प्रत्येक बोरी का वजन 45 किलोग्राम) बरामद हुईं। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान रामबहादुर डगौरा पुत्र लीलाराम और शोभापति पुत्र भरत डगौरा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोहनपुर (थाना हसुलिया, जनपद कैलाली, नेपाल राष्ट्र) के निवासी हैं।

मौके पर यूरिया खाद ले जाने के संबंध में जब इन दोनों से वैध कागजात या आधिकारिक अनुमति पत्र मांगा गया, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। वैध कागजात न होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और बरामद खाद को अपने कब्जे में कर लिया। चंदनचौकी पुलिस द्वारा बरामद यूरिया खाद और तस्करी में प्रयुक्त माध्यम को आगे की आवश्यक एवं वैधानिक कार्यवाही के लिए सीमा शुल्क अधिकारी (कस्टम विभाग) पलिया के कार्यालय भेज दिया गया है, तथा दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights