‘क्रिमिनल जस्टिस-4’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

अभिनेता पंकज त्रिपाठी की मशहूर वेब सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस’ के अब तक तीन सीजन दर्शकों के बीच खूब पसंद किए जा चुके हैं। बीते साल मेकर्स ने इसके चौथे सीजन की घोषणा की थी और अब आखिरकार ‘क्रिमिनल जस्टिस 4’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार माधव मिश्रा के रूप में लौट रहे हैं। ट्रेलर में उनका दमदार और असरदार अवतार देखने को मिल रहा है, जहां वह एक नए केस को सुलझाते नजर आ रहे हैं।

इस बार ‘क्रिमिनल जस्टिस-4’ की कहानी एक रसूखदार परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक चौंकाने वाले मर्डर केस में फंस जाता है। यह मामला शुरुआत में आसान और सीधा नजर आता है, लेकिन जल्द ही अदालत के भीतर तीन अलग-अलग ‘सच’ के टकराव में बदल जाता है। हर पक्ष अपनी-अपनी सच्चाई को सही साबित करने की कोशिश करता है और हर कहानी पिछले से ज्यादा भरोसेमंद लगती है। ऐसे में एक बार फिर वकील माधव मिश्रा अपने अलग अंदाज और मजबूत नैतिकता के साथ सच्चाई को सामने लाने की जद्दोजहद में जुट जाते हैं।

‘क्रिमिनल जस्टिस’ के चौथे सीजन की नई रिलीज डेट का भी ऐलान हो चुका है। अब यह सीरीज 29 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। पहले इसे 22 मई को रिलीज किया जाना था, लेकिन अब दर्शकों को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस बार सच के दो नहीं, तीन पहलू हैं। मिश्रा जी के करियर के सबसे जटिल केस के लिए थोड़ा और इंतजार कीजिए।” इस सीजन का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। पंकज त्रिपाठी के साथ श्वेता बसु प्रसाद, पूरब कोहली और स्वास्तिका मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।———————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights