नीरज प्रजापति
मुज़फ्फरनगर। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तिगरी में आयोजित रामलीला कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानपरिषद प्रत्याशी गौरव कुमार जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया। इस अवसर पर रामलीला आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, सभ्यता एवं सनातन परंपराओं की अमूल्य धरोहर है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, न्याय एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव एवं नैतिक मूल्यों की स्थापना का प्रेरणास्रोत भी है।
सपा नेता गौरव जैन ने कहा की भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि सत्ता से बड़ा धर्म, अधिकार से बड़ा कर्तव्य और व्यक्तिगत स्वार्थ से बड़ा समाज का कल्याण होता है। रामराज्य की मूल भावना ऐसी व्यवस्था की स्थापना है, जहाँ किसी के साथ अन्याय न हो और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान एवं न्याय पहुँचे।उन्होंने आगे यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला जैसे सांस्कृतिक आयोजनों का विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराने के साथ-साथ सामाजिक एकता एवं भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने रामलीला आयोजन समिति के समस्त पदाधिकारियों, कलाकारों एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद नियाज, सपा नेता शेखर नगर, सपा नेता डॉ. नूर हसन सलमानी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मंगल सिंह गुर्जर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, समाजवादी पार्टी के साथीगण एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
