नीरज प्रजापति

 

40 से 45 किलो चांदी और 400 से 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब, सुबह दुकान खोलने पर पता चली वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।

 

शामली। कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी स्थित ज्वेलर्स की दुकान में मंगलवार देर रात बदमाशों ने छत काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालकों को घटना का पता चला। संचालकों के मुताबिक, दुकान से 40 से 45 किलो चांदी और 400 से 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब हैं। चोरी किए गए माल की कीमत का आकलन अभी नहीं हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

छत काटकर दुकान में घुसे बदमाश

मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक वर्मा और हर्ष वर्मा की नाला पटरी पर ज्वेलर्स की दुकान है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बदमाश दुकान की छत काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बुधवार सुबह दोनों संचालक दुकान पर पहुंचे तो पड़ोसियों ने बताया कि रात में दुकान की लाइट जल रही थी और अंदर से रोशनी बाहर आ रही थी। दुकान का शटर खोलकर अंदर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

कीमत का आकलन होना बाकी

दुकान संचालकों के अनुसार, चोरी किए गए माल में करीब 40 से 45 किलो चांदी और 400 से 500 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं। हालांकि, आभूषणों की वास्तविक मात्रा, उनकी शुद्धता और बाजार भाव के आधार पर कुल नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। ऐसे में फिलहाल चोरी की सटीक कीमत सामने नहीं आई है।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे बदमाशों की आवाजाही और पहचान के संबंध में सुराग मिल सके। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights