‘मेवाती गैंग’ का सरगना गिरफ्तार

नई दिल्ली, 2 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ‘मेवाती गैंग’ के सरगना राहुल खान को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर अंतरराज्यीय स्तर पर एटीएम चोरी, डकैती, हत्या की कोशिश, गौ वध और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि क्राइम ब्रांच की एजीएस यूनिट ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपित राहुल खान को हरियाणा के नूंह जिले के गांव अड़बर से गिरफ्तार किया। आरोपित की गिरफ्तारी पूर्व में पकड़े गए अपराधी सबीर की निशानदेही पर की गई, जिसने खुलासा किया कि उसके पास से बरामद हथियार राहुल खान ने ही उपलब्ध करवाए थे।

सबीर और एक अन्य आरोपित मुन्फेद को 13 मई को दिल्ली के बिजवासन-नजफगढ़ रोड के पास से एक बोलेरो गाड़ी में पकड़ा गया था। उनके पास से दो पिस्तौल बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान आरोपित ने एक ठिकाने का खुलासा किया, जहां से दिल्ली के छावला नाले के पास से एक और अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किया गया।

डीसीपी के अनुसार जांच में पता चला है कि पकड़े गए राहुल खान के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के विभिन्न थानों में कुल 20 से अधिक संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश, एटीएम चोरी, अवैध हथियार, गौवध और गौवंश संरक्षण कानून के उल्लंघन जैसे अपराध शामिल हैं।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights