pm-maa-ganga-subhashitam

नई दिल्ली, 24 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रातः हमेशा की तरह एक्स पर सुभाषितम् साझा किया। उन्होंने एक श्लोक के जरिए मां गंगा का स्मरण किया। उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

उन्होंने लिखा, ”आप सभी को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन पर्व में सेवा के माध्यम से परोपकार का संदेश निहित है। पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान से समृद्ध यह परंपरा सभी के जीवन में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मकता का संचार करे, यही मंगलकामना है।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुभाषितम् के रूप में यह श्लोक साझा किया- देवि सुरेश्वरि भगवति गङ्गे त्रिभुवनतारिणि तरलतरङ्गे। शङ्करमौलिविहारिणि विमले मम मतिरास्तां तव पदकमले॥ यह आदि शंकराचार्य रचित गंगा स्तोत्रम् का पहला श्लोक है। इसमें मां गंगा की स्तुति करते हुए अपनी बुद्धि को उनके चरण-कमलों में स्थिर रखने की प्रार्थना की गई है।

इसका भावार्थ है, ”हे देवताओं की अधिष्ठात्री, परम पावनी एवं भगवती गंगे! हे तीनों लोकों का उद्धार करने वाली, निर्मल और चंचल तरंगों से सुशोभित देवी! हे भगवान शिव की जटाओं पर विराजमान परम पवित्र निर्मल मां गंगे! मेरी बुद्धि, श्रद्धा एवं शक्ति सदैव आपके चरण-कमलों में स्थित रहे।”

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights