जोनी शर्मा

68 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर अंडर-17 में हासिल किया तीसरा स्थान, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में सम्मान

मुजफ्फरनगर। मेहनत, आत्मविश्वास और लगातार अभ्यास के दम पर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा की छात्रा वंशिका ने प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग की 68 किलोग्राम भार श्रेणी में मिली इस सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि सहारनपुर मंडल का नाम भी प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ। गोरखपुर जनपद में आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बीच वंशिका ने पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतिद्वंद्वियों का सामना किया।

उसके आक्रामक खेल, तकनीकी दक्षता और मुकाबले के दौरान बनाए रखे गए आत्मसंयम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बेहतर प्रदर्शन के बल पर वंशिका ने प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रदेश स्तर की इस उपलब्धि के बाद विद्यालय लौटने पर वंशिका का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, प्रबंधक रीता दहिया एवं आदित्य दहिया ने छात्रा को सम्मानित करते हुए उसकी उपलब्धि की सराहना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि वंशिका की सफलता यह संदेश देती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर अभ्यास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को मार्गदर्शन और हौसला देने में योगाचार्य सत कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वह खिलाड़ियों के साथ गोरखपुर पहुंचे और प्रतियोगिता के दौरान उनका उत्साह बढ़ाते रहे। वहीं मुजफ्फरनगर जनपद की बालिका खिलाड़ियों के साथ प्रियंका रंजन भी मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान बालिका खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रेरित किया। प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंशिका की उपलब्धि विद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा है। विद्यालय परिवार ने वंशिका को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर जिला, मंडल, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights