जौनपुर, 09 अक्टूबर (हि .स .)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय में चल रही छह दिवसीय कार्यशाला ‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ के पांचवें दिन शुक्रवार को छात्रों ने अपने सीखे हुए कौशल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
आई ईईई स्टूडेंट ब्रांच, इंजीनियरिंग संकाय के सहयोग से आयोजित यह कार्यशाला कुलपति प्रो. आर. के. सिंह की प्रेरणा से 05 से 10 अक्टूबर तक चल रही है। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को साइबर सुरक्षित एप्लीकेशन बनाना सिखाना है। कार्यशाला में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.आर. के. सिंह ने छात्रों से सीधे संवाद किया और कार्यशाला में छात्रों ने क्या सीखा और भविष्य की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन किया।
पांचवें दिन का पूरा सत्र मिनी-प्रोजेक्ट को समर्पित रहा। मुख्य विषय विशेषज्ञ डॉ. अनूप गिरधर के मार्गदर्शन में छात्रों ने चार दिनों में सीखी गई तकनीकों-पायथन, एसक्यूएल डेटाबेस कनेक्टिविटी, हैश फाइल, स्ट्रीमलिट और फ्लास्क फ्रेमवर्क का उपयोग कर अपने-अपने प्रोजेक्ट विकसित किए।
छात्रों ने सिक्योर लॉगिन सिस्टम, एन्क्रिप्टेड पासवर्ड मैनेजमेंट सिस्टम, स्टूडेंट डेटा मैनेजमेंट पोर्टल और इंटरैक्टिव डैशबोर्ड जैसे प्रोजेक्ट बनाए। डॉ. गिरधर ने प्रत्येक टीम के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया और उसमें मौजूद सिक्योरिटी लूपहोल्स को सुधारने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट में सिर्फ फंक्शनैलिटी नहीं, बल्कि सिक्योरिटी सबसे महत्वपूर्ण है।
