stock-market-early-trade

नई दिल्ली, 06 जुलाई । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच अभी तक तेजी का रुखा है। कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगते रहे। बावजूद इसके दोनों सूचकांक की रफ्तार लगातार बनी रही। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.48 प्रतिशत और निफ्टी 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए।

स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज ऑटो और मैक्स हेल्थकेयर के शेयर 2.20 प्रतिशत से लेकर 0.96 प्रतिशत की मजबूती के साथ तो कोटक महिंद्रा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टीसीएस, बजाज फिनसर्व और आईटीसी के शेयर 2.81 प्रतिशत से लेकर 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,594 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग होती दिखी। इनमें से 1,394 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,200 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 176.99 अंक की मजबूती के साथ 77,940.90 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बनने की वजह से यह सूचकांक मामूली फिसलन के साथ 77,879.70 अंक तक गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में बिकवाली के हल्के-फुल्के झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की रफ्तार लगातार कायम रही। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 372.18 अंक की बढ़त के साथ 78,136.09 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 36 अंक उछल कर 24,306.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 20 अंक टूट कर 24,287.10 अंक तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 108.65 अंक की मजबूती के साथ 24,379.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 261.79 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,763.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 95.15 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,270.85 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights