नई दिल्ली, 05 अगस्त । घरेलू शेयर बाजार ने आज मजबूत शुरुआत करने के बाद दिन के दूसरे सत्र में अपनी अधिकांश बढ़त गंवा दी। पश्चिम एशिया में होर्मुज स्ट्रेट खुलने की उम्मीद की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट के कारण आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर सख्त हमला करने की चेतावनी देने के बाद कच्चे तेल की कीमत में दोबारा तेजी आ गई, जिसके कारण घरेलू शेयर बाजार में दिन के दूसरे सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बन गया।
दिन के दूसरे सत्र में बाजार में बने दबाव की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक कुछ देर के लिए गिर कर लाल निशान में भी पहुंच गए। हालांकि अंत में खरीदारी होने की वजह से इन दोनों सूचकांकों ने रिकवरी कर हरे निशान में आज के कारोबार का अंत किया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
मजबूत वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट की वजह से बीएसई का सेंसेक्स आज 626.43 अंक यानी 0.80 प्रतिशत की तेजी के साथ 79,055.38 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे, लेकिन इस सूचकांक की चाल पर अधिक असर नहीं पड़ा।
खासकर, दोपहर 11 बजे के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव काफी अधिक हो गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 769.64 अंक लुढ़क कर 143.21 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,285.74 अंक के स्तर तक आ गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर लगाया, जिससे सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से लगभग 300 अंक सुधर कर 152.05 अंक की मामूली बढ़त के साथ 78,581 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 54.30 अंक यानी 0.22 प्रतिशत उछल कर 24,669.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 62.70 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,677.60 अंक के स्तर तक पहुंचा।
दूसरी ओर, दिन के दूसरे सत्र में बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 179.65 अंक टूट कर 116.95 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,497.95 अंक के स्तर तक गिर भी गया। कारोबार के आखिरी 20 मिनट में हुई जोरदार खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 125 अंक से अधिक की रिकवरी कर 9.75 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 24,624.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान मेटल और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का मेटल इंडेक्स 1.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह ऑटो इंडेक्स 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद होने में सफल रहा। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थ केयर और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स, आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज लिवाली का जोर बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हुई खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 492.31 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 491.15 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.16 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,448 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,330 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,911 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 207 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। वहीं, एनएसई में आज 3,033 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,775 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,258 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में, 22 शेयर लाल निशान में और दो शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
पूरे दिन हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस 3.23 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 2.74 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.31 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.96 प्रतिशत और एनटीपीसी 1.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीसीएस 1.91 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 1.55 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.45 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.22 प्रतिशत और जियो फाइनेंशियल 1.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
