स्पेन, 08 जून । रियल मैड्रिड के अध्यक्ष पद के चुनाव में फ्लोरेंटिनो पेरेज़ ने एक बार फिर जीत हासिल करते हुए अगले चार वर्षों के लिए अपना कार्यकाल सुरक्षित कर लिया है। रविवार को हुए चुनाव में उनकी जीत के साथ वह लगातार क्लब की कमान संभालते रहेंगे।
यह पिछले 20 वर्षों में पहली बार था जब क्लब में अध्यक्ष पद के लिए वास्तविक मुकाबला देखने को मिला। इससे पहले पेरेज़ वर्ष 2009, 2013, 2017, 2021 और 2025 में बिना किसी प्रतिद्वंद्वी के निर्वाचित हुए थे।
रियल मैड्रिड के आधिकारिक टीवी चैनल के अनुसार, पेरेज़ ने अपने प्रतिद्वंद्वी एनरिके रिकेल्मे को हराया। हालांकि क्लब की ओर से अभी आधिकारिक मतगणना जारी नहीं की गई है।
पेरेज़ की इस जीत के बाद क्लब में पूर्व मुख्य कोच जोस मोरिन्हो की वापसी की संभावनाएं भी तेज मानी जा रही हैं। मोरिन्हो इससे पहले 2010 से 2013 तक रियल मैड्रिड के मुख्य कोच रह चुके हैं और चुनाव अभियान के दौरान भी उनका नाम प्रमुखता से सामने आया।
जीत के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए पेरेज़ ने कहा कि उनका लक्ष्य रियल मैड्रिड को आगे भी अधिक से अधिक खिताब दिलाना है। जीत का जश्न सोमवार सुबह तक जारी रहा।
79 वर्षीय फ्लोरेंटिनो पेरेज़ पहली बार वर्ष 2000 में रियल मैड्रिड के अध्यक्ष बने थे और 2006 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2009 में उन्होंने दोबारा वापसी की। उनके कार्यकाल के दौरान क्लब ने सात यूरोपीय कप जीते और कुल 15 महाद्वीपीय खिताबों के रिकॉर्ड तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
