sports-archery-neeraj-wins-recurve-bronze

आइची-नागोया, 03 अक्टूबर । भारतीय तीरंदाज नीरज चौहान ने एशियाई खेलों की पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में नीरज ने हमवतन धीरज बोम्मदेवरा को 6-4 से हराया। इसके साथ ही नीरज व्यक्तिगत रिकर्व में पदक जीतने वाले केवल दूसरे भारतीय पुरुष तीरंदाज बन गए।

दोनों भारतीय तीरंदाजों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले सेट में धीरज ने 7, 9 और 10 अंक हासिल किए, जबकि नीरज ने 10, 9 और 10 अंक जुटाए। नीरज ने यह सेट 29-26 से जीतकर 2-0 की बढ़त बनाई।

दूसरे सेट में धीरज ने शानदार वापसी की। उन्होंने 8, 10 और 10 अंक हासिल किए, जबकि नीरज 10, 8 और 9 अंक ही जुटा सके। धीरज ने यह सेट 28-27 से जीतकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।

तीसरे सेट में दोनों तीरंदाजों ने शुरुआत में 10-10 अंक और फिर 9-9 अंक हासिल किए। धीरज ने अंतिम तीर पर 10 अंक लगाए, जबकि नीरज 9 अंक ही हासिल कर सके। धीरज ने 29-28 से सेट जीतकर 4-2 की बढ़त बना ली।

इसके बाद नीरज ने जोरदार वापसी की। चौथे सेट में उन्होंने लगातार तीन 10 अंक हासिल किए और कुल 30 अंक बनाए। धीरज ने 9, 9 और 10 अंक के साथ 28 अंक जुटाए। नीरज ने यह सेट 30-28 से जीतकर मुकाबला 4-4 से बराबर कर दिया।

निर्णायक पांचवें सेट में धीरज ने 8 अंक से शुरुआत की, जबकि नीरज ने 10 अंक हासिल किए। धीरज ने दूसरे तीर पर 10 अंक लगाए, लेकिन नीरज ने 9 अंक हासिल करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी। दोनों ने अंतिम तीर पर 10-10 अंक जुटाए। नीरज ने 29-28 से सेट जीतकर मुकाबला 6-4 से अपने नाम कर लिया और कांस्य पदक हासिल किया।

नीरज की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह एशियाई खेलों में पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व में पदक जीतने वाले भारत के केवल दूसरे पुरुष तीरंदाज बन गए हैं। उनसे पहले तरुणदीप राय ने 2010 में इस स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights