कानपुर, 08 सितंबर । काकादेव थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क पर पेशाब करने का विरोध करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में मौजूद युवकों ने दुकानदार को घेरकर पीटा और ईंट से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए दुकानदार की दो दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नवीन नगर निवासी अमित कुमार (47) काकादेव में प्रेम एग नाम से दुकान चलाते थे। शनिवार रात दुकान बंद कर घर लौटते समय वह ओम चौराहे के पास पहुंचे। यहां कुछ युवक शराब पी रहे थे और उनमें से एक युवक बीच सड़क पर पेशाब करने लगा। अमित ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
मृतक के बेटे रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बीच-बचाव करने वालों के साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान अमित के सिर पर ईंट से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक इलाज चला।
इलाज के दौरान अमित की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने सभी आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में ली है। रिकॉर्डिंग में चार युवक अमित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि मुकदमा दर्ज है और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
