नीरज प्रजापति
सोरम गेट नंबर-2 के यात्री प्रतीक्षालय में दबिश देकर पुलिस ने दबोचे मेरठ के चार युवक, तमंचे और मस्कट भी बरामद, हथियारों की सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस।
मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के कथित नेटवर्क पर शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह विदेशी पिस्टल, तीन देशी तमंचे और एक मस्कट समेत कुल 10 अवैध हथियार तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हथियारों की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस अब इनके सप्लाई नेटवर्क, खरीद के स्रोत और संभावित खरीदारों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गिरफ्तार चारों आरोपी मेरठ जनपद के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर यात्री प्रतीक्षालय में छापा
गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने खुलासा करते हुए बताया कि 29 अक्टूबर को शाहपुर थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव सोरम के गेट नंबर-2 स्थित यात्री प्रतीक्षालय में कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए मौजूद हैं और हथियारों की सप्लाई करने आए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दबिश देकर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया।
विदेशी पिस्टल, तमंचे और मस्कट बरामद
पुलिस की बरामदगी सूची के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की छह विदेशी पिस्टल, .315 बोर के तीन देशी तमंचे, .315 बोर की एक मस्कट, पांच जिंदा कारतूस और एक पिट्ठू बैग मिला है। बरामदगी के आधार पर थाना शाहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 299/2026, आयुध अधिनियम की धारा 3/5/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मेरठ से हथियार लाकर बेचने का दावा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ शुगनू निवासी बपारसी, सनी निवासी अटेरना, निखिल उर्फ निक्की निवासी पथौली और शुभम निवासी अटेरना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपियों ने मेरठ निवासी एक व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर मांग के अनुसार ऊंचे दामों पर बेचने की बात बताई है। हालांकि, हथियारों के स्रोत और कथित नेटवर्क की वास्तविक स्थिति की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
आपराधिक इतिहास भी जांच के दायरे में
पुलिस द्वारा पकड़े गए आकाश उर्फ शुगनू के खिलाफ मेरठ और बिजनौर में दर्ज पुराने मुकदमों का विवरण सामने आया है। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। निखिल उर्फ निक्की के खिलाफ भी सरधना थाने में पूर्व का एक मुकदमा दर्ज बताया गया है। इन मुकदमों में आरोपों और उनकी वर्तमान कानूनी स्थिति का निर्धारण संबंधित अभिलेखों से होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और शाहपुर थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि हथियार कहां से लाए गए और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे, इसका पता लगाया जा सके। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विशाल यादव, दीपक चौधरी समेत शाहपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
