‘तेरे मेरे सपने’ पहल के तहत विवाह से पहले युवक-युवतियों को मिलेगी रिश्तों, जिम्मेदारियों, करियर और आर्थिक समझ की सीख, वैवाहिक जीवन को मजबूत बनाने की दिशा में नई पहल।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों, विचारों, अपेक्षाओं और जिम्मेदारियों का संगम है। विवाह के बाद रिश्तों में आने वाली गलतफहमियों और तनाव को कम करने के उद्देश्य से अब मुजफ्फरनगर में शादी से पहले ही संवाद और समझ की नई पहल शुरू की गई है। राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल ‘तेरे मेरे सपने’ के अंतर्गत प्री-मैरिटल काउंसलिंग एवं कम्युनिकेशन सेंटर का शुभारंभ किया गया, जहां विवाह की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव के लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार किया जाएगा। सखी वन स्टॉप सेंटर परिसर में स्थापित विवाह पूर्व संवाद केंद्र का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शादी से पहले एक-दूसरे की सोच, जीवनशैली, अपेक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को समझने का अवसर देना है, ताकि वैवाहिक जीवन की शुरुआत बेहतर तालमेल और विश्वास के साथ हो सके। केंद्र के माध्यम से विवाह करने जा रहे युवक-युवतियों को करियर, आर्थिक प्रबंधन, व्यक्तिगत मूल्य, पारिवारिक जिम्मेदारियों और भावनात्मक संबंधों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिलेगा। विवाह के बाद सामने आने वाली परिस्थितियों को लेकर पहले से समझ विकसित करने और आपसी संवाद की क्षमता मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला ने बताया कि विवाह पूर्व संवाद युवाओं को एक-दूसरे की अपेक्षाओं और जिम्मेदारियों को समझने में मदद करेगा। इससे रिश्तों में पारदर्शिता, विश्वास और आपसी सम्मान की भावना मजबूत हो सकेगी। बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य विवाह से पहले दोनों पक्षों के बीच बेहतर समझ विकसित करना है, जिससे मजबूत रिश्तों की नींव रखी जा सके और युवा सुखद वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर सकें। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार के निर्देशन में किया गया। इस दौरान प्रीती चाहल, नीना त्यागी, शिवम कुमार, चिकित्सक सचिन जैन सहित महिला सशक्तिकरण और वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे। विवाह से पहले संवाद की यह पहल रिश्तों को केवल सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि समझ, सम्मान और साझेदारी का मजबूत आधार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
