मृतक के बेटे बलविन्द्र ने सुनाई खौफनाक वारदात की पूरी कहानी, मोनू हत्याकांड की रंजिश में परिवार को निशाना बनाने का आरोप, एसएसपी ने गठित कीं चार टीमें।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव दादूपुर में पिता-पुत्र की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर की गई हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। दोहरे हत्याकांड में मृतकों के बेटे बलविन्द्र ने अंकुर, मोहित, बिल्लू और अतिन पर हत्या की वारदात को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के बयान के बाद हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और मोनू हत्याकांड का मामला भी चर्चा में आ गया है। उधर, दोहरे हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया है।

बलविन्द्र के मुताबिक, शाम के समय उसके पिता मुख्तियार सिंह और छोटा भाई सुखजिंदर सिंह खेत से गन्ने की ट्रॉली भरकर घर पहुंचे थे। ट्रॉली खड़ी करने के बाद दोनों घर के अंदर आ रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे अंकुर, मोहित, बिल्लू और अतिन ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलियां लगने से पिता मुख्तियार सिंह जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज और शोर सुनकर छोटा भाई सुखजिंदर सिंह बाहर आया तो आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी निशाना बना लिया।

बलविन्द्र का आरोप है कि सुखजिंदर को गोली मारने के बाद हमलावर भागने लगे, लेकिन अतिन दोबारा वापस आया और जमीन पर पड़े सुखजिंदर को एक और गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात में पिता और पुत्र दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मोनू हत्याकांड की रंजिश में परिवार को बनाया निशाना

पीड़ित बलविन्द्र ने आरोप लगाया कि पूर्व में हुए मोनू हत्याकांड में उनके परिवार का नाम बिना किसी वजह के लिखवा दिया गया था, जबकि उनका उस हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं था। उसका दावा है कि मोनू की हत्या उसके चाचा ने की थी, लेकिन चाचा से रंजिश निकालने के बजाय उनके परिवार को निशाना बनाया गया। बलविन्द्र ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उसके पिता और भाई की जान ले ली गई।

हत्यारोपियों को सजा दिलाने की मांग

पिता और भाई को खोने से आहत बलविन्द्र ने कहा कि जिस तरह उसके पिता और भाई की जान ली गई, उसी तरह आरोपियों को भी कानून के कठघरे में खड़ा कर कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि अपराधियों के दिलो-दिमाग में कानून का खौफ पैदा हो। उसका कहना है कि परिवार को न्याय मिलने पर ही उसे सुकून मिलेगा।

चार टीमों के हवाले खुलासे की जिम्मेदारी

दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज है। एसएसपी सूरज कुमार राय ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के लिए चार टीमों को लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। एसएसपी ने जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights