पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस लाइन में शहीदों के बलिदान और गौरवशाली परंपरा को किया गया नमन, पुलिसकर्मियों को लगाया गया पुलिस कलर, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा का दिलाया संकल्प।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। अदम्य साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक पुलिस ध्वज दिवस सोमवार को मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस ध्वज फहराकर उत्तर प्रदेश पुलिस के शौर्य, पराक्रम और समर्पित सेवाओं को नमन किया। पुलिस ध्वज के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में एसएसपी सूरज कुमार राय ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रेषित संदेश का वाचन कर सुनाया। इसके उपरांत उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी पर पुलिस कलर यानी पुलिस ध्वज का प्रतीकात्मक बैज लगाकर उन्हें सम्मानित किया। यह आयोजन पुलिस बल की एकजुटता, गौरवशाली इतिहास और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का संदेश देता नजर आया। पुलिस झंडा दिवस का इतिहास बेहद गौरवशाली है। 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस और समर्पित सेवाओं के लिए पुलिस कलर अर्थात पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह ऐतिहासिक सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। तभी से प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाकर इस गौरवशाली उपलब्धि और पुलिस बल की समर्पित सेवाओं को याद किया जाता है। पुलिस ध्वज में शामिल लाल और नीले रंग उत्तर प्रदेश पुलिस की शक्ति, निष्ठा, साहस और गौरवशाली परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों के त्याग, बलिदान, अनुशासन और जनता के प्रति उनकी जवाबदेही की पहचान भी है। इस अवसर पर एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा और गौरव उसकी कार्यशैली, अनुशासन और जनता के प्रति व्यवहार से जुड़ा है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जरूरतमंदों को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस बल को अपनी गौरवशाली परंपरा, शौर्य और बलिदान की विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा पुलिस ध्वज की आन, बान और शान को सदैव कायम रखने का संदेश दिया।
