मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नई मंडी पुलिस की एक शातिर वाहन चोर से मुठभेड़ हो गई। बझेड़ी अंडरपास के पास संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोपा थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी ताज मोहम्मद पुत्र मुल्ला कासिम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को नई मंडी पुलिस टीम बझेड़ी अंडरपास पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एनएच-58 से ग्राम बझेड़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर ने बाइक के साथ खड़े व्यक्ति की पहचान कराई तो पुलिस ने उससे पूछताछ करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर झोंक दिया और मौके से भागने लगा। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम सतर्क हो गई और आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार ताज मोहम्मद का आपराधिक इतिहास भी चौंकाने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर के भोपा, सिविल लाइन और नई मंडी थानों में चोरी, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गोवध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से लेकर 2026 तक अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज होने का रिकॉर्ड सामने आया है। इस कार्रवाई को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव और थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
