सिंगापुर ओपन 2025: सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में पहुंचे

नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। भारतीय पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसैराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शुक्रवार को सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जीत दर्ज कर सिंगापुर ओपन 2025 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने मलेशिया की जोड़ी गोह से फेई और नूर इज्जुद्दीन को सीधे गेमों में 21-17, 21-15 से हराया। यह मुकाबला 39 मिनट तक चला।

इस सीजन बीडब्ल्यूएफ टूर पर भारतीय जोड़ी इंडिया ओपन और मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में हार चुकी है। खास बात यह है कि इंडिया ओपन में सात्विक-चिराग को हराने वाली जोड़ी भी गोह और इज्जुद्दीन ही थी, जिनसे इस बार उन्होंने बदला लिया।

अब सात्विक और चिराग की नजर इस सीजन के अपने पहले फाइनल में जगह बनाने पर होगी। इसके लिए उन्हें मलेशिया की एक और जोड़ी से भिड़ना होगा। इनमें मान वेई चोंग-काई वुन टी या फिर आरोन चिया-सोह वूई यिक की जोड़ी हो सकती है। दोनों ही जोड़ियां टूर्नामेंट में सीडेड हैं।

गौरतलब है कि सात्विक-चिराग इस टूर्नामेंट में भारत की इकलौती चुनौती बचे हैं। पीवी सिंधु, एचएस प्रणय और ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद समेत अन्य खिलाड़ी पहले ही बाहर हो चुके हैं।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights