सुबह से बेटी का फोन नहीं उठने पर पिता को हुई अनहोनी की आशंका, साथी महिला दरोगा को भेजा आवास, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस तो सामने आया खौफनाक मंजर, हार्ट अटैक की आशंका।

ग्रेटर नोएडा (नीरज प्रजापति)। कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाली एक युवा महिला पुलिस अधिकारी की जिंदगी अचानक थम गई। ग्रेटर नोएडा में 27 वर्षीय महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव उनके सरकारी आवास के बाथरूम में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह जब पिता ने बेटी का हालचाल जानने के लिए फोन किया तो दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं होने पर पिता का दिल अनहोनी की आशंका से कांप उठा। इसके बाद उन्होंने जो कदम उठाया, उससे इस दर्दनाक घटना का खुलासा हुआ। जानकारी के मुताबिक, कानपुर की रहने वाली रश्मि गौतम वर्ष 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं और जारचा थाने में तैनात थीं। वह थाना परिसर में बने सरकारी आवास में अकेली रहती थीं। उनके पिता कानपुर देहात में दमकल विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि पिता प्रतिदिन सुबह करीब सात बजे बेटी को फोन करके उसका हालचाल लेते थे। मंगलवार सुबह भी उन्होंने कई बार रश्मि को कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर उन्होंने रश्मि की महिला दरोगा साथी को आवास पर भेजा। साथी ने वहां पहुंचकर कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद थाना प्रभारी कैलाश नाथ को सूचना देकर पुलिस बुलवाई गई। पुलिसकर्मियों ने जब आवास का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो रश्मि बाथरूम में बेसुध पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस हार्ट अटैक से मौत की आशंका जता रही है। थाना प्रभारी कैलाश नाथ के अनुसार, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। युवा महिला दरोगा की अचानक मौत से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights