अर्दली रूम में एक-एक विवेचना की खुली पड़ताल, लापरवाही छोड़ साक्ष्यों के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई के सख्त निर्देश, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर भी जोर।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के लिए पुलिस महकमे ने अब लंबित विवेचनाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार ने थाना छपार पहुंचकर विवेचकों का अर्दली रूम लिया और लंबित व प्रचलित मुकदमों की बारीकी से समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। इस दौरान विवेचनाओं में अब तक हुई कार्रवाई का लेखा-जोखा भी खंगाला गया। सोमवार और मंगलवार की देर रात को अर्दली रूम में सीओ सदर ने थाना छपार पर नियुक्त सभी विवेचकों से उनके पास लंबित और वर्तमान में चल रही विवेचनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने प्रत्येक विवेचना में अब तक जुटाए गए साक्ष्यों, की गई कार्रवाई और शेष कार्यवाही की समीक्षा की। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि विवेचना केवल कागजी औपचारिकता बनकर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। क्षेत्राधिकारी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि किसी भी मुकदमे की जांच में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विवेचक घटनाओं से जुड़े साक्ष्यों का प्रभावी ढंग से संकलन करें और गवाहों के बयान सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं समय से पूरी करें। विवेचनाओं का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए।

उन्होंने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के साथ कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने पर विशेष जोर दिया गया।

सीओ सदर की इस समीक्षा को थाने की विवेचना व्यवस्था में तेजी लाने और लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक मामले में जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई हो, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और कानून का प्रभावी इकबाल कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights