तिहाड़ जेल से यूपी लाने के दौरान बुलेटप्रूफ जैकेट और हथकड़ियों में जकड़े रहे दोनों आरोपी।

40 सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा, अदालत में जताई थी पुलिस मुठभेड़ की आशंका

शामली (नीरज प्रजापति)। गायक अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपियों को उत्तर प्रदेश पुलिस का इतना खौफ सता रहा है कि दिल्ली से शामली तक का सफर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा कराया गया। एनकाउंटर की आशंका जताने वाले दोनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर तिहाड़ जेल से शामली लाया गया। इस दौरान दोनों को बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाई गई थी। हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां डालकर करीब 40 सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में उन्हें यूपी की सीमा में दाखिल कराया गया।

इस हाई सिक्योरिटी मूवमेंट ने अंकित बालियान हत्याकांड को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। दोनों आरोपियों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली से लेकर शामली तक पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अदालत में पेशी के दौरान आरोपियों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की आशंका जताई थी। इसी के मद्देनजर उन्होंने विशेष सुरक्षा की मांग की थी। गौरतलब है कि 26 अगस्त को गायक अंकित बालियान की हत्या की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस हत्याकांड में कई आरोपियों के नाम सामने आए थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान दो कथित शूटर मोहित और सुमित मुठभेड़ में मारे गए थे, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अब हत्याकांड के दो आरोपियों को इतनी कड़ी सुरक्षा में शामली लाए जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बुलेटप्रूफ जैकेट, हथकड़ियां, बेड़ियां और 40 जवानों का सुरक्षा घेरा इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को बयां कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights