अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला: क्रिश्चियन मिशेल की सुरक्षा संबंधी जांच की फाइल तलब

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन से अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला मामले के आरोपित क्रिश्चियन मिशेल की सुरक्षा से संबंधित जांच की फाइल तलब किया है। स्पेशल जज संजीव अग्रवाल ने मामले की अगली सुनवाई 6 जून को करने का आदेश दिया।

दरअसल ये मामला साल 2019 में तब उठा था क्रिश्चियन मिशेल ने जेल के अंदर एक कैदी पर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। मिशेल ने कहा कि जेल प्रशासन ने जो रिपोर्ट सौंपी है वो गवाहों के बयानों से मेल नहीं खाती है। उसके बाद कोर्ट ने तिहाड़ जेल के डीआईजी को जांच से संबंधित फाइल दाखिल करने का निर्देश दिया।

कोर्ट ने 16 अप्रैल को तिहाड़ जेल प्रशासन से पूछा था कि अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला मामले के आरोपित क्रिश्चियन मिशेल को जेल के अंदर हताश कैदियों के साथ क्यों रखा गया है। कोर्ट ने पूछा था कि क्रिश्चियन मिशेल को एक कैदी शाहनवाज के साथ रखा गया है जिस पर जेल में खराब व्यवहार के 41 मामले हैं। दरअसल 3 अप्रैल को सुनवाई के दौरान मिशेल ने जेल में जहर देकर मारने के प्रयासों का दावा किया था। जिसके बाद कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन को नोटिस जारी किया था।

अगस्ता वेस्टलैंड से 12 हेलीकॉप्टरों की खरीद से जुड़े 3600 करोड़ रुपए के घोटाला मामले में सीबीआई और ईडी के मामले में मिशेल को जमानत मिल चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजय

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights