तेज धमाके की आवाज सुनकर दौड़े लोग, मौके पर उमड़ी भारी भीड़; वहलना चौकी पुलिस ने ट्रक व चालक को लिया हिरासत में, दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास जारी
जोनी शर्मा
मुजफ्फरनगर। जनपद के राणा चौक क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के दौरान दुकान के बाहर खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान के बाहर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रक दुकान में जा घुसा, जिससे जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही वहलना चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे वाहन स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय वहां भीड़ होती तो यह हादसा किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकता था।
उधर, वहलना क्षेत्र के कुछ मौजिज एवं जिम्मेदार लोगों द्वारा स्कूटी स्वामी और ट्रक चालक के बीच आपसी सहमति से मामले का निस्तारण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी अंतिम समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। यदि दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनती है तो मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और दुर्घटना चर्चा का विषय बनी रही।
