नीरज प्रजापति
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में किसान-मजदूर एकता का दमदार प्रदर्शन, लोकतंत्र की रक्षा।
सामाजिक न्याय और किसानों के अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बुलंद की आवाज।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में किसान संगठनों ने अपनी ताकत और एकजुटता का जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा और ओबीसी किसान कांग्रेस के बैनर तले बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने नारों से मैदान में जोश भर दिया। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम और ओबीसी किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक चौधरी रवि मलिक के नेतृत्व में पहुंचे किसान प्रतिनिधियों ने किसानों के हक, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से उठाया। रैली में ओबीसी किसान कांग्रेस की भागीदारी विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रही। चौधरी रवि मलिक के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने एकजुट होकर संगठन की शक्ति का परिचय दिया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं, उनके सम्मान और अधिकारों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। रैली के माध्यम से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ-साथ किसानों की राष्ट्रीय नीतियों में उचित भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से सामने आई। इस अवसर पर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम अपनी पूरी टीम के साथ रैली में शामिल हुए। उनकी मौजूदगी ने दोनों किसान संगठनों के बीच आपसी तालमेल और साझा संघर्ष की तस्वीर पेश की। चौधरी शाह आलम ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके अधिकारों, सम्मान और आर्थिक हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के साथ किसानों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना बेहद जरूरी है। वहीं, चौधरी रवि मलिक ने कहा कि किसान संगठनों की असली ताकत उनकी एकता में है। जब किसान और मजदूर अपने अधिकारों के लिए एक मंच पर खड़े होंगे, तभी उनकी आवाज को व्यापक मजबूती मिलेगी। उन्होंने चौधरी शाह आलम और उनके साथ पहुंचे सभी किसान साथियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी संयुक्त रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। रैली में राष्ट्रीय संगठन मंत्री सालिम त्यागी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सोनू चौधरी, मंडल महासचिव दिलशाद चौधरी, मंडल सचिव शाहवेज, मंडल उपाध्यक्ष वसीम, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष साजिद चौधरी, जिला सचिव शराफत, युवा उत्तर प्रदेश सचिव चौधरी अफजाल, युवा उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष नदीम एडवोकेट और जिला प्रचार मंत्री काजी मुस्तकीम सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। रामलीला मैदान में इस भागीदारी ने किसान संगठनों की सक्रियता और साझा संघर्ष के संकल्प को प्रदर्शित किया।
